
कई बार ऐसा होता है कि लोग कहीं घूमने जाते हैं और अचानक ही उनके कैमरे में ऐसी घटना कैद हो जाती है, जिसके बारे में उसने कभी सोचा भी नहीं होता है. ऐसी ही एक घटना का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों के होश उड़ गए हैं. दरअसल, कुछ लोग बोट से समंदर के बीच में मौजूद एक आइलैंड पर गए थे और जब वो लौट रहे थे, तभी अचानक ज्वालामुखी फट गया और उन्हें जान बचाकर वहां से भागना पड़ा. ज्वालामुखी फटने का वीडियो बोट वाले ने बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वीडियो में आप देख सकते हैं कि ज्वालामुखी फटते ही कैसे समंदर में तूफान उठ गया और बोट वाला अपनी बोट लेकर तेजी से भागने लगा. ज्वालामुखी से निकली राख ने पूरे आसमान को ढक लिया था. ऐसा लग रहा था जैसे वहां ज्वालामुखी नहीं बल्कि परमाणु बम फटा हो. दावा किया जा रहा है कि ये माउंट स्ट्रॉम्बोली ज्वालामुखी है, जो इटली में स्थित है. ये करीब 200,000 साल पुराना ज्वालामुखी है और इसे दुनिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक माना जाता है. हालांकि वीडियो देखकर ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ज्वालामुखी फटने की ये घटना कब की है और इस घटना में किसी को नुकसान पहुंचा है या नहीं, लेकिन ये हैरान जरूर करता है.
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर @AMAZlNGNATURE नाम की आईडी से शेयर किया गया है और कैप्शन में लिखा है, ‘नाविकों ने माउंट स्ट्रॉम्बोली के फटने का दृश्य कैद किया’. महज 28 सेकंड के इस वीडियो को अब तक 2 लाख से भी अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि 4 हजार से अधिक लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दी हैं.
देखें ज्वालामुखी फटने का खतरनाक वीडियो
Boaters capture footage of an erupting Mount Stromboli pic.twitter.com/W7NFlBd2tW
— Nature is Amazing
(@AMAZlNGNATURE) September 15, 2025
वीडियो देख एक यूजर ने लिखा है, ‘मुझे लगता है कि ये अब तक की सबसे डरावनी चीज होगी जो मैंने कभी पानी में देखी’, तो एक अन्य यूजर ने लिखा है, ‘ये किसी फिल्म के सीन की तरह लग रहा है’. इसी तरह एक यूजर ने लिखा है, ‘इस स्थिति की सबसे बुरी बात ये है कि राख और पानी दोनों ही चीजें आपकी जान ले सकती हैं’.
(@AMAZlNGNATURE)









