
पंजाब सरकार ने मंगलवार से स्वास्थ्य कार्ड योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। शुरुआत तरनतारन और बर्नाला जिलों से होगी, जहां प्रत्येक जिले में 128 रजिस्ट्रेशन कैंप लगाए जाएंगे।
इस योजना के तहत नागरिकों को अपने आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड के साथ पासपोर्ट आकार की फोटो लाना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया है कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 10 से 15 दिन में पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद यह योजना पूरे पंजाब में लागू कर दी जाएगी।
स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत प्रत्येक परिवार को कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से सालाना 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज किया जा सकेगा। योजना में बड़े ऑपरेशन, सर्जरी और गंभीर बीमारियों का इलाज शामिल होगा। इसके साथ ही इस योजना में सरकारी और निजी दोनों तरह के अस्पताल शामिल होंगे, जिनकी सूची सरकार जल्द ही जारी करेगी।









