
नई दिल्ली। देश को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
लाल कुर्ता पहने राधाकृष्णन ने भगवान के नाम पर अंग्रेज़ी में शपथ ली। शपथ ग्रहण के इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और वेंकैया नायडू ने भी समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में राधाकृष्णन ने ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार बी.सुंदरशन रेड्डी को 152 मतों से हराकर जीत हासिल की थी। यह चुनाव इसलिए करवाना पड़ा क्योंकि तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अचानक इस्तीफ़ा दे दिया था। दिलचस्प बात यह रही कि धनखड़ भी इस शपथ ग्रहण में शामिल हुए और इस्तीफ़े के बाद पहली बार सार्वजनिक तौर पर नजर आए।









