
दिल्ली के डाबड़ी इलाके में एक लड़की की लाश बोरे में लिपटी मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले की तफ्तीश में आरोपी की पहचान सलीम के रूप में की और उसे उत्तर प्रदेश के हरदोई से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि 21 अगस्त को पीड़िता सलीम से मिलने गई थी। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस के अनुसार, लड़की ने सलीम से पहले लिए गए पैसे वापस मांगने की बात कही।
इस विवाद के दौरान सलीम गुस्से में आ गया और उसने लड़की का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में डालकर बाइक पर ले जाकर नाले में फेंकने की कोशिश की। इसी बीच शव फिसल गया और राहगीरों की नजर उसमें पड़ गई।
पुलिस को मामले की जानकारी 23 अगस्त को दोपहर लगभग तीन बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली। आरोपी सलीम से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहराई से जांच जारी है।









