
दिल्ली पुलिस के अनुसार, खुद को ‘आतंकवादी 111’ बताने वाले एक समूह ने डीएवी पब्लिक स्कूल, फेथ अकादमी, दून पब्लिक स्कूल, सर्वोदय विद्यालय सहित कई स्कूलों को ईमेल भेजकर 25,000 डॉलर की फिरौती मांगी है। इससे पहले भी यही समूह 18 अगस्त को कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भेज चुका है और उस समय कथित तौर पर क्रिप्टोकरेंसी में 5,000 डॉलर की मांग की थी।
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को बम धमकी मिली हो, बल्कि अब यह घटनाएं आम होती जा रही हैं। इससे पहले सोमवार, 18 अगस्त को राजधानी के दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम और द्वारका जिले के 32 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। कई घंटों तक चली तलाशी और जांच के बाद वह धमकी फर्जी पाई गई थी।
ताज़ा मामले में जानकारी मिली कि एसकेवी स्कूल, मालवीय नगर को धमकी भरा ईमेल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची। स्कूल को तत्काल बंद कर छात्रों को घर भेज दिया गया। कई घंटे चली गहन जांच के बाद पुलिस ने इस धमकी को भी फर्जी करार दिया और बताया कि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।









