
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध बेहद खास हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि मौजूदा समय में दोनों देशों के बीच टैक्स और रूसी तेल की खरीद को लेकर कुछ मतभेद सामने आए हैं।
शुक्रवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “मैं हमेशा मोदी का दोस्त रहूंगा। वे एक महान प्रधानमंत्री हैं। हां, मौजूदा समय में उनकी कुछ नीतियों से मैं सहमत नहीं हूं, लेकिन भारत-अमेरिका के रिश्ते मजबूत हैं और बने रहेंगे। कभी-कभी हमारे बीच कुछ मुद्दे जरूर हो जाते हैं, लेकिन इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है।”
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वे भारत के साथ रिश्तों को दोबारा पटरी पर लाने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने साफ किया कि दोनों देशों के बीच रिश्ते ऐतिहासिक हैं और कठिन दौर भी स्थायी नहीं होता।
रूसी तेल की खरीद पर उन्होंने नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि भारत का रूस से बड़े पैमाने पर तेल लेना उन्हें निराश करता है। इससे पहले अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर उन्होंने लिखा था, “लगता है कि हमने भारत और रूस को चीन के करीब खो दिया है। काश उनका भविष्य साथ में लंबा और खुशहाल हो।









