
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में 17 वर्षों बाद फिर से महिला अध्यक्ष का पद होगा. NSUI ने अध्यक्ष पद के लिए जोसलीन नंदिता चौधरी को नामित किया है. NSUI का दावा है कि यह चुनाव महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने और छात्र राजनीति को नए सिरे से आकार देने की दिशा में एक बड़ा कदम है. 2008 के बाद से अब तक DUSU में कोई महिला अध्यक्ष नहीं रही.
एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद के लिए जोसलीन नंदिता चौधरी, उपाध्यक्ष पद के लिए राहुल झांसला, सचिव पद के लिए कबीर और संयुक्त सचिव पद के लवकुश भड़ाना का नाम घोषित किया है. दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में इस साल भारी संख्या में छात्र शामिल हो रहे हैं. आखिरी दिन चार केंद्रीय पैनल पदों के लिए 82 छात्रों ने नामांकन दाखिल किए. अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद 73 नामांकन वैध पाए गए, जबकि आठ खारिज कर दिए गए.

DUSU Election 2025 Date: कब होगा मतदान?
डूसू चुनाव 2025 के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा और मतगणना 19 सितंबर को होगी. लगभग 2.75 लाख छात्र चुनाव में हिस्सा लेने के योग्य हैं. मॉर्निंग शिफ्ट के लिए वोटिंग सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी, जबकि इवनिंग शिफ्ट के लिए मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा. डीयू की अधिसूचना के अनुसार, नामांकन पत्र, वार्षिक शुल्क के रूप में 500 रुपए का डिमांड ड्राफ्ट और 1 लाख रुपए का बॉन्ड जमा करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर दोपहर 3 बजे तक ही थी.
DUSU Election 2025: ईवीएम से होगा मतदान
केंद्रीय पैनल के चार पदों के लिए मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के माध्यम से होगा, जबकि कॉलेज स्तर के चुनाव मतपत्रों से होंगे. छात्र समूहों ने अपने उम्मीदवारों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पुष्टि की है कि छह सदस्यों ने नामांकन दाखिल किया है, जिनमें से चार की घोषणा 11 सितंबर को केंद्रीय पैनल के लिए की जाएगी. भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने कहा कि आठ सदस्यों ने नामांकन दाखिल किए गए हैं.
DUSU Election: पिछली बार किसने दर्ज की थी जीत?
पिछले साल के डूसू चुनाव में कांग्रेस समर्थित भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने 7 साल बाद वापसी करते हुए अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की थी. वहीं एबीवीपी को उपाध्यक्ष और सचिव पदों पर जीत मिली थी. एनएसयूआई के रौनक खत्री ने अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के ऋषभ चौधरी को 1,300 से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की थी.
ये भी पढ़ें – ग्रेजुएट नहीं है दुनिया का सबसे अमीर आदमी, बीच में छोड़ दी थी पढ़ाई









