
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल स्पेस डे के अवसर पर देशवासियों और वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं देते हुए अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति और आगामी योजनाओं का विवरण साझा किया। उन्होंने कहा कि यह दिन युवाओं में उत्साह और प्रेरणा जगाने का अवसर बन चुका है।
प्रधानमंत्री ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि देश ने स्पेस सेक्टर में लगातार नए मील के पत्थर हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि भारत जल्द ही गगनयान मिशन के तहत मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान शुरू करेगा और भविष्य में अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की योजना भी है।
मोदी ने हाल ही में आयोजित अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी ओलंपियाड का भी जिक्र किया, जिसमें 60 से अधिक देशों के 300 युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और भारतीय युवाओं ने मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। उन्होंने इसे भारत की बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि ISRO ने भारतीय युवाओं में अंतरिक्ष और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए Indian Space Hackathon और Robotics Challenge जैसी पहल शुरू की हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाएं और भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान में नई ऊँचाइयों पर ले जाएं।
इस अवसर पर वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष विशेषज्ञों ने भी देश की अंतरिक्ष उपलब्धियों और युवा प्रतिभाओं की सराहना की।









