
अस्पताल निर्माण घोटाला: ईडी की सौरभ भारद्वाज समेत कई ठिकानों पर छापेमारी
नई दिल्ली – राष्ट्रीय राजधानी में कथित अस्पताल निर्माण घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के आवास समेत दिल्ली-एनसीआर में कुल 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच के तहत की जा रही है।
मामला दिल्ली पुलिस की एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) द्वारा दर्ज एक एफआईआर से जुड़ा है। इस एफआईआर में पूर्व स्वास्थ्य मंत्रियों, निजी ठेकेदारों और कुछ अज्ञात अधिकारियों पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, लागत में अनुचित वृद्धि, अवैध निर्माण और सरकारी फंड की हेराफेरी के आरोप लगाए गए हैं।
ईडी की टीमों का फोकस अस्पताल निर्माण के लिए आवंटित धन की जांच पर है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस तरह से सार्वजनिक फंड को गबन कर मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए घुमाया गया। सूत्रों के अनुसार, ईडी निजी ठेकेदारों के ठिकानों की भी तलाशी ले रही है।
यह विवाद तब शुरू हुआ था जब तत्कालीन नेता विपक्ष और मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इन परियोजनाओं में गंभीर गड़बड़ियों की शिकायत की थी। आरोप है कि वर्ष 2018-19 के दौरान करीब 5,590 करोड़ रुपये की लागत से 24 अस्पताल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई थी, लेकिन इनमें से ज्यादातर अधूरी पड़ी हैं और इनकी लागत में भारी व अस्पष्ट वृद्धि दर्ज की गई है।
ईडी की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।









