
चंडीगढ़: लगातार हो रही बारिश ने पंजाब में बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। कई जिलों में पानी भर जाने से सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और लोगों के साथ-साथ पशुओं की जान भी खतरे में है। इस बीच मौसम विभाग ने और अधिक बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे हालात और खराब हो सकते हैं।
ऐसे कठिन समय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर दुख साझा किया और मदद के लिए हाथ बढ़ाने का आश्वासन दिया।
अपने पत्र में सैनी ने लिखा, “पंजाब में बाढ़ की स्थिति से उत्पन्न मुश्किलों के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में पंजाब के भाई-बहन भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। हरियाणा सरकार इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के साथ खड़ी है।”









