Add Your Heading Text Here

HomeEntertainmentकनाडा में सुरक्षित नहीं औजला का परिवार, दुबई बना नया ठिकाना

कनाडा में असुरक्षित महसूस कर रहे थे करण औजला, परिवार सहित दुबई शिफ्ट होने का किया बड़ा खुलासा

पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक करण औजला ने हाल ही में कनाडा से दुबई शिफ्ट होने के पीछे की बड़ी वजह सामने रखी है। गायक ने बताया कि कनाडा में उनके परिवार की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा था, जिसके कारण उन्हें देश छोड़ने का कठिन निर्णय लेना पड़ा।

औजला ने खुलासा किया कि साल 2019 से लेकर अब तक उनके घर और परिवार पर कई बार गोलीबारी की घटनाएँ हो चुकी हैं। पहली बार जब उनके घर पर गोलियाँ चलीं, तो उन्हें चेतावनी दी गई थी कि पैसे दो, नहीं तो तुम्हें न तो शो करने दिया जाएगा और न ही भारत-पंजाब लौटने दिया जाएगा। औजला ने धमकियों के आगे झुकने से इनकार किया, लेकिन नतीजा यह हुआ कि उनके घर पर बार-बार फायरिंग होती रही। अब तक उनके घर और परिवार को छह बार गोलियों का निशाना बनाया जा चुका है।

उन्होंने कनाडा की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। औजला ने कहा कि वहाँ ज्यादातर घर लकड़ी के बने होते हैं, जिनसे गोलियाँ आसानी से आर-पार हो जाती हैं। ऐसे में घर के भीतर भी रहना सुरक्षित नहीं लगता। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस पूरी कोशिश करती है, लेकिन अगर कोई आधी रात को घर के बाहर 30 राउंड फायर करके चला जाए और गाड़ी भी चोरी कर ले, तो पुलिस भी ज्यादा कुछ नहीं कर सकती।

गायक ने एक दर्दनाक वाकया साझा करते हुए कहा—“एक बार जब मैं सो रहा था, खिड़की से गोली निकल गई। जब ऐसी घटनाएँ होती हैं, तो कोई यह नहीं पूछता कि आपकी पत्नी और बहनें कैसी हैं? केवल हिम्मत दिखाना काफी नहीं होता, कई बार समझदारी से फैसले लेने पड़ते हैं। मेरी पत्नी और बहनों की ज़िम्मेदारी मुझ पर है, वे मेरी ओर देखते हैं।”

औजला का यह बयान पंजाबी संगीत जगत के प्रशंसकों के लिए चौंकाने वाला है। उनकी यह स्वीकारोक्ति यह साफ़ करती है कि विदेश में सफलता और शोहरत के बावजूद, कलाकारों को कई बार सुरक्षा जैसी बुनियादी चुनौतियों से भी जूझना पड़ता है।

About Author

Posted By City Home News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *