
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में मोदी सरकार ने अमेरिका से आयात होने वाले कपास पर लगाई गई 11% आयात शुल्क को हटा दिया है।
केजरीवाल ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह फैसला देशभर के किसानों के साथ “बड़ा विश्वासघात” है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने हाल ही में यह आदेश जारी किया है कि 19 अगस्त से 30 सितंबर तक (कुल 40 दिन) अमेरिकी कपास पर कोई आयात शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अमेरिकी कपास सस्ता, भारतीय किसानों पर असर
केजरीवाल के अनुसार, आयात शुल्क हटाने के बाद अमेरिकी कपास भारत में भारतीय किसानों की कपास से 15-20 रुपये प्रति किलो सस्ता बिकेगा। इससे सीधे तौर पर घरेलू किसानों को नुकसान होगा।
उन्होंने कहा, “मोदी सरकार ने किसानों की पीठ पीछे अमेरिका के दबाव में यह निर्णय लिया है। अब अमेरिकी कपास सस्ता हो जाएगा और भारतीय किसान अपनी फसल के सही दाम पाने से वंचित रह जाएंगे।”









