
हरियाणा के भिवानी जिले में 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा की बेरहमी से हत्या ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। अब इस मामले में गैंगस्टरों की एंट्री ने कानून-व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर धमकी भरा पोस्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यदि हरियाणा पुलिस ने इस मामले में न्याय नहीं दिलाया, तो उनका गैंग खुद आरोपी को मार गिराएगा। इस पोस्ट में बिश्नोई और उसके कनाडा स्थित साथी गोल्डी ढिल्लों का नाम शामिल है। ढिल्लों ने न केवल मनीषा हत्याकांड पर बयान दिया, बल्कि कनाडा के ब्रैम्पटन में हुए सोनू छठा हत्याकांड की जिम्मेदारी भी स्वीकार की। उसका दावा है कि सोनू, सांसद धानुआ के करीबी की हत्या की साजिश में शामिल था और लॉरेंस के नाम पर वसूली करता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को घोषणा की कि यह केस अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहे हैं और पीड़िता के परिवार को हर हाल में न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। सीएम सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह स्वयं इस मामले की रिपोर्ट की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।









