
चंडीगढ़: पंजाब में बाढ़ की तबाही का जायज़ा लेने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरदासपुर में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राज्य के लिए ₹1600 करोड़ की तात्कालिक राहत राशि की घोषणा की।
हालाँकि, इस घोषणा ने सियासत को भी गरमा दिया है। कांग्रेस ने इस राशि को “ऊंट के मुँह में ज़ीरा” बताते हुए इसे नाकाफी करार दिया, वहीं राज्य सरकार के कुछ मंत्रियों ने इसे “मरहम पर नमक” कहकर आलोचना की।
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने स्पष्ट किया कि यह केवल फौरी राहत है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री खुद प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने आए और तत्काल 1600 करोड़ जारी किए। यह पूरा पैकेज नहीं है। केंद्र सरकार की समिति नुकसान का पूरा आकलन करेगी और उसके बाद बड़ा राहत पैकेज पंजाब को दिया जाएगा।”









