
पंजाब कैबिनेट की आज शाम 4 बजे प्रस्तावित बैठक अचानक स्थगित कर दी गई है। यह निर्णय मुख्यमंत्री भगवंत मान की बिगड़ती तबीयत के चलते लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, बीते दिन मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक खराब हो गई थी और फिलहाल उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि तेज बुखार और कमजोरी की वजह से वे पिछले दो दिनों से अपने सरकारी आवास पर ही हैं।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में मुख्यमंत्री मान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। उनकी सेहत पर नजर रखते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी कल फोन पर उनका हालचाल लिया था।
सुबह तक कैबिनेट बैठक के आयोजन की पुष्टि हो चुकी थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री की गंभीर तबीयत को देखते हुए इसे अगले आदेश तक टाल दिया गया है।









