
चंडीगढ़ – पंजाब में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। आठ जिलों में बाढ़ और लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने प्रदेश के सभी कॉलेजों, यूनिवर्सिटियों और पॉलिटेक्निक संस्थानों को 3 सितंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और मौजूदा हालात को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि हॉस्टलों में रह रहे विद्यार्थियों की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी कॉलेज और यूनिवर्सिटी प्रशासन की होगी। साथ ही प्रशासन को सख्ती से स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।
इससे पहले राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात बिगड़ने के चलते सभी स्कूलों में भी छुट्टियाँ 3 सितंबर तक बढ़ा दी थीं। अब स्थिति और बिगड़ने के कारण उच्च शिक्षा संस्थानों को भी बंद करने का आदेश दिया गया है।









