
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राज्य के लिए घोषित 1,600 करोड़ रुपये के राहत पैकेज को बेहद मामूली बताते हुए इसे ‘समुंदर में एक बूंद’ करार दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्हें गहरी निराशा हाथ लगी है।
वड़िंग ने ‘आप’ सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने 12,000 करोड़ रुपये के राज्य आपदा राहत कोष (SDRF) का दुरुपयोग किया है। उनका कहना है कि इन फंडों का इस्तेमाल बाढ़ पीड़ितों की मदद के बजाय अन्य जगहों पर किया गया। कांग्रेस नेता ने मांग की कि राज्य सरकार के खिलाफ फंड डायवर्ट करने को लेकर आपराधिक केस दर्ज होना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि SDRF की यह राशि पिछले कई सालों से इकट्ठा हो रही थी और राज्य सरकार के पास उपलब्ध थी। उन्होंने केंद्र और राज्य, दोनों सरकारों को पंजाब के लोगों को गुमराह करने का जिम्मेदार ठहराया।
वड़िंग ने यह भी आरोप लगाया कि नदियों में लापरवाह खनन और गहरी खुदाई ने प्राकृतिक जल प्रवाह को बाधित किया, जिससे हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी पहले ही जारी कर दी थी, तो बांधों में पानी रोकने और बाद में अचानक छोड़ने की जिम्मेदारी किसकी थी।









