
लुधियाना ज़िले के पूरबी क्षेत्र में पड़ने वाला ससराली गांव सतलुज नदी में तेज़ बहाव के कारण नाज़ुक स्थिति का सामना कर रहा है। ज़िला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर स्थानीय लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और अपने ज़रूरी दस्तावेज़ों को संभालकर रखने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार, ससराली गांव की स्थिति बेहद नाजुक है और नदी का तेज़ बहाव कभी भी बांध को नुकसान पहुंचा सकता है। अगर बांध टूटता है या उसमें दरार आती है, तो ससराली, बंट, रावत, हवास, सीज़ा, बूथगढ़ और मंगली गांव प्रभावित हो सकते हैं। इन गांवों में बाढ़ का पानी घुसने का ख़तरा बना हुआ है।
डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि बांध को सुरक्षित रखने और मज़बूत करने के प्रयास जारी हैं। फिर भी लोगों को सतर्क रहने और हालात पर कड़ी नज़र रखने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन की हिदायतें
- आपातकालीन स्थिति में लोग अपने घरों की पहली मंज़िल पर चले जाएँ।
- यदि कोई निचले क्षेत्र या एक मंज़िला मकान में रह रहा है, तो वह तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाए।
- ज़रूरी दस्तावेज़ और सामान पानी-रोधी बैग में रखें या साथ लेकर निकलें।
- बुज़ुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया जाए।
राहत और बचाव केंद्र
प्रशासन ने लोगों की मदद के लिए कई राहत और बचाव केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें शामिल हैं:
- राहों रोड, गौंसगढ़ सत्संग घर
- चंडीगढ़ रोड, मुंडियां सत्संग घर
- टिब्बा रोड सत्संग घर
- कैलाश नगर सत्संग घर
- ससराली गांव के पास राधा स्वामी केंद्र
- खासे कला बाज़ार
- खासे कला स्कूल
- भुखड़ी स्कूल
- मत्तेवाज़ा स्कूल
- मत्तेवाड़ा बाज़ार
हेल्पलाइन नंबर
- बाढ़ कंट्रोल रूम: 0161-2433100
- पुलिस हेल्पलाइन: 112









