
पंजाब में मौसम का कहर: कई जिलों में भारी बारिश, पठानकोट में स्कूल-कॉलेज बंद, बाढ़ का खतरा बढ़ा
पंजाब में एक बार फिर मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के कई जिलों के लिए पीला अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि हिमाचल प्रदेश से सटे पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में सामान्य से कहीं ज्यादा बारिश होगी। इसके अलावा मोहाली, पटियाला और लुधियाना में भी भारी बारिश के आसार हैं।
लगातार बारिश से हालात बिगड़ते देख पठानकोट जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान आज (25 अगस्त 2025, सोमवार) बंद रखने का आदेश जारी किया है।
इधर, जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश के बाद रणजीत सागर डैम का जलस्तर खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया है। 527 मीटर के निशान को छूते ही अतिरिक्त पानी छोड़ना पड़ा, जिससे पंजाब के माजहा क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। रावी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नतीजतन, पठानकोट-जम्मू हाईवे पहले ही बंद हो चुका है और प्रशासन ने पठानकोट से अमृतसर तक हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।









