
पंजाब समेत देश के कई हिस्सों में आई बाढ़ और भूस्खलन ने हालात बिगाड़ दिए हैं। इस बीच डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह ने ऑनलाइन गुरुकुल के जरिए प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
गुरमीत राम रहीम ने कहा कि यह समय कठिन जरूर है, लेकिन मिलजुलकर इसे पार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पंजाब के हजारों गांव बाढ़ से प्रभावित हैं, लाखों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो चुकी है और असंख्य परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर शरण लेनी पड़ी है। किसानों को अपनी फसलों और पशुधन दोनों का भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
डेरा प्रमुख ने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील की कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और प्रभावित परिवारों व किसानों के लिए मुआवजा और पुनर्वास की ठोस योजनाएं बनाई जाएं। उन्होंने एनडीआरएफ, सेना, बीएसएफ और पुलिस बलों को धन्यवाद दिया, जो दिन-रात राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।
गुरमीत राम रहीम ने संगतों से भी आगे आने की अपील की। उनका कहना था कि मुश्किल घड़ी में एक-दूसरे की मदद करना ही असली मानवता है। उन्होंने बताया कि डेरा के सेवादार और शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी पहले से ही राहत कार्यों में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और बाढ़ पीड़ितों तक जरूरी सहायता पहुंचा रहे हैं।









