
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत की व्यापार नीतियों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि भारत ने अब अपने टैरिफ को शून्य करने का प्रस्ताव रखा है, लेकिन यह कदम “बहुत देर से” आया है।
ट्रंप ने कहा कि भारत को यह फैसला कई साल पहले करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत, अमेरिका से बेहद कम मात्रा में तेल और रक्षा उपकरण खरीदता है, जबकि रूस से अधिकतर आयात करता है।
पूर्व राष्ट्रपति ने लिखा, “बहुत कम लोग समझते हैं कि अमेरिका का भारत के साथ व्यापार बेहद सीमित है, जबकि भारत हमारे साथ बड़े पैमाने पर कारोबार करता है। यह दशकों से एकतरफा संबंध बना हुआ है।”
ट्रंप के मुताबिक, भारत द्वारा लगाए गए ऊंचे टैरिफ अमेरिकी कंपनियों को भारत में व्यापार करने से रोकते हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत ने अमेरिका पर दुनिया के सबसे ज्यादा टैरिफ लगाए हैं, जिसकी वजह से अमेरिकी कारोबारी नुकसान झेल रहे हैं।
गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन ने अपने कार्यकाल में भारत पर 25% जवाबी टैरिफ लगाया था और रूस से तेल खरीदने पर अतिरिक्त 25% टैरिफ भी जोड़ दिया था। इस तरह भारत पर कुल 50% ड्यूटी लागू हो गई, जो वैश्विक स्तर पर सबसे ऊंची मानी जा रही है।









