
पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वर्चुअली बिहार राज्य जीविका निधि ब्रांच कोऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड का उद्घाटन कर रहे थे। इस मौके पर उनका संबोधन अचानक भावुक हो गया। पीएम मोदी ने हाल ही में बिहार की एक रैली के दौरान कांग्रेस और आरजेडी नेताओं द्वारा उनकी दिवंगत मां के खिलाफ की गई टिप्पणी का ज़िक्र किया और कहा कि यह केवल उनकी मां का नहीं, बल्कि देश की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों का अपमान है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं गरीब परिवार से हूं। मेरी मां ने मुझे हमेशा समाज और देश की सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कभी अपने लिए कुछ नहीं सोचा। लेकिन जिनकी राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, जिनका शरीर भी अब इस दुनिया में नहीं है, उनके लिए कांग्रेस और आरजेडी ने गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। यह मेरे लिए बेहद पीड़ादायक है।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की संस्कृति में मां का स्थान परमात्मा से भी ऊंचा माना जाता है। “मेरी मां के खिलाफ बोले गए अपशब्द दरअसल हर मां, हर बहन, हर बेटी का अपमान हैं। यह गालियां मुझे नहीं, देश की सभी माताओं को दी गई हैं। शाही परिवारों में जन्मे राजकुमार इस दर्द को समझ ही नहीं सकते।”









