
अमृतसर ज़िले के रमदास क्षेत्र में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बांध टूटने से आसपास के करीब 25 गांवों में तेज़ी से पानी भर गया, जिससे सैकड़ों परिवार घरों में ही फँस गए। सुबह 6 बजे से ही हालात बिगड़ने लगे और लोग अपने घरों से निकल भी नहीं पाए।
स्थिति गंभीर होने पर एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं। अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी और ग्रामीण एसएसपी नाव और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ का पानी इतना तेज़ था कि बीएसएफ और सेना के कई वाहन भी गांवों में फँस गए। कई परिवारों का सामान पानी में बह गया और गलियों में कई फीट तक पानी जमा हो गया।
प्रशासन ने मुनादी करवाई है कि लोग नावों की मदद से सुरक्षित स्थानों की ओर निकलें। प्रभावित ग्रामीणों को फिलहाल पास के एक स्कूल में शरण दी जा रही है। डीसी साक्षी साहनी ने कहा कि “रात से ही पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है, लेकिन एनडीआरएफ और सेना की टीमें लगातार लोगों को निकालने का काम कर रही हैं।”
कैबिनेट मंत्री भी हालात का जायजा लेने पहुंचे और आश्वासन दिया कि सरकार ने हर स्तर पर राहत और बचाव कार्यों की तैयारी की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित हर गांव को प्राथमिकता पर मदद दी जाएगी।









