
दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाया है। सिरसा का कहना है कि केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पद छोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं।
सिरसा ने दावा किया कि इस दबाव की वजह से भगवंत मान अस्पताल में भर्ती हो गए और इसी कारण उनकी कुर्सी फिलहाल बच गई। उन्होंने कहा, “हम भगवंत मान के साथ खड़े हैं, क्योंकि यह दबाव बिल्कुल गलत है। डर के चलते वह अस्पताल चले गए, यह अच्छा हुआ कि उनका पद सुरक्षित रहा।”
भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि पंजाब के मामलों पर अरविंद केजरीवाल को बोलने का अधिकार किसने दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “वह दिल्ली हार गए, फिर पंजाब आ गए। अब जब पंजाब बाढ़ जैसी आपदा से जूझ रहा है तो वह गुजरात चले गए। मुख्यमंत्री को हटाने का फैसला पंजाब के लोगों का अधिकार है, केजरीवाल का नहीं।”
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान 5 सितंबर की रात से मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं। हालांकि, उन्होंने वर्चुअल माध्यम से हाल ही में हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक में हिस्सा लिया था।









