
लुधियाना में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार बेकाबू होकर नहर में गिर गई। गनीमत रही कि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार व्यक्ति तेज़ रफ्तार से जा रहा था कि तभी अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। कार चालक ने टक्कर से बचाने के लिए गाड़ी मोड़ी, लेकिन संतुलन बिगड़ने से कार सीधी नहर में जा गिरी।नहर में गिरते ही कार तेज़ी से पानी में डूबने लगी। ड्राइवर ने घबराने के बजाय खिड़की तोड़ी और बाहर निकलकर तैरते हुए किनारे तक पहुंच गया। यह नज़ारा लोगों के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर की मदद की। हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर की समझदारी से बड़ा हादसा टल गया।









