
यदि आपके घर में 70 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्ग रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत बुजुर्गों के लिए एक विशेष सुविधा शुरू की है। इसके अंतर्गत हर वरिष्ठ नागरिक को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
इस योजना के लिए एक विशेष कार्ड जारी किया जा रहा है, जिसका नाम आयुष्मान वय वंदना कार्ड है। आमतौर पर देखा जाता है कि निजी बीमा कंपनियां बुजुर्गों को स्वास्थ्य बीमा देने में हिचकिचाती हैं। कई बार वे उम्र का बहाना बनाकर पॉलिसी देने से इनकार कर देती हैं, तो कई बार डॉक्टर के पुराने इतिहास का हवाला देकर टाल देती हैं।
कौन ले सकता है फायदा?
इस योजना का लाभ केवल 70 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों को ही मिलेगा। इसमें कोई आय सीमा तय नहीं की गई है। यानी बुजुर्ग अमीर हों या गरीब, हर कोई इसका हकदार है। इस योजना के तहत हर वरिष्ठ नागरिक को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। यदि आपके पास पहले से ही आयुष्मान भारत कार्ड है, तो आपको 5 लाख रुपये का अतिरिक्त टॉप-अप कवर भी दिया जाएगा।
कैसे मिलेगा कार्ड?
इसके लिए बुजुर्गों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाना होगा। चाहे आपके पास पहले से आयुष्मान कार्ड हो, फिर भी इसके लिए अलग से आवेदन करना पड़ेगा। आवेदन करने के लिए आपको प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना पोर्टल या आयुष्मान ऐप पर रजिस्टर करना होगा। कार्ड को सक्रिय करने के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है।









